खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का होता है विकास: जिलाधिकारी
रायबरेली, 05 नवम्बर। पुलिस लाइन स्थित क्रीड़ा मैदान में गुरुवार को दो दिवसीय जनपदीय बेसिक क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह 2026-27 का भव्य शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
डीएम ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
दो दिवसीय इस जनपदीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलकूद एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, विजय प्रकाश सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
