अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष जोर
प्रयागराज, 03 नवंबर। दीपावली पर्व को देखते हुए प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित त्रिवेणी सभागार में अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई, लंबित विवेचनाओं, यातायात प्रबंधन और आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना जाए। प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सहायक पुलिस आयुक्त शिकायतकर्ताओं से फोन पर बातचीत कर निस्तारण की गुणवत्ता और उनकी संतुष्टि का सत्यापन भी करें।
IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या औपचारिकता नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से निर्धारित समय-सीमा में समाधान किया जाए और संबंधित अधिकारी नियमित समीक्षा करें।
अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग, नियमित गश्त और सतर्क निगरानी बनाए रखने को कहा गया। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। लंबित आपराधिक घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने के साथ गुमशुदा बच्चों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए 60 और 90 दिनों की समय-सीमा वाली विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा गया। साक्ष्य संकलन और विधिक प्रक्रियाओं के अनुपालन में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए थानों पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने और पीड़ितों को समय से सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया। सड़क पर कार एसेसरीज की दुकानों, गैराज और मैकेनिकों द्वारा किए जाने वाले कार्यों से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ICCC के माध्यम से वाहनों की निगरानी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली पर पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों की होगी जांच
आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए। पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। सार्वजनिक मार्गों पर पटाखे चलाने से होने वाले हादसों और यातायात अवरोध को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों के अनुरूप इस्तेमाल तथा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने को कहा गया। थाना प्रभारियों को थानों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), पुलिस उपायुक्त नगर, गंगानगर, यमुनानगर, मुख्यालय, यातायात एवं अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, समस्त सहायक पुलिस आयुक्त तथा ऑनलाइन माध्यम से सभी थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
