उपलब्धिख़ास ख़बरताज़ा ख़बर

दमगड़ा में राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल, प्रयागराज की टीम बनी चैंपियन

साईं हॉस्टल रायबरेली को मिला उपविजेता का खिताब, विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता को 10 हजार रुपये के साथ शील्ड देकर किया गया सम्मानित

उतरांव (प्रयागराज)। हंडिया तहसील क्षेत्र के उतरांव थाना अंतर्गत दमगड़ा गांव में अनवार वॉलीबॉल क्लब के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबला प्रयागराज की टीम ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रयागराज की टीम विजेता बनी, जबकि साईं हॉस्टल रायबरेली की टीम को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व विधायक स्वर्गीय बाबू महेश नारायण सिंह की स्मृति में किया गया।

कई जिलों की टीमों ने दिखाया दमखम, मैदान पर दिखा रोमांच

प्रतियोगिता में आजमगढ़, देवरिया, मुरादाबाद, प्रयागराज, प्रतापगढ़, भदोही, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली और बलिया समेत विभिन्न जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल, बेहतरीन तालमेल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबलों के दौरान हर अंक के लिए खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मौजूद रहे।

विजेता को 15 हजार, उपविजेता को मिले 10 हजार रुपये

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रशांत सिंह ने विजेता प्रयागराज टीम के कप्तान आशीष यादव को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता साईं हॉस्टल रायबरेली के कप्तान करण सिंह को 10 हजार रुपये और शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्व. महेश नारायण सिंह की स्मृति में हर साल होता है आयोजन

आयोजकों ने बताया कि पूर्व विधायक स्वर्गीय बाबू महेश नारायण सिंह की स्मृति में प्रत्येक वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम का संचालन जैद नोमानी और गुलाम मुस्तफा ने किया। आयोजनकर्ता सैय्यद सुहैल अहमद तथा प्रतियोगिता के अध्यक्ष सैय्यद शोएब आलम (पूर्व इंस्पेक्टर, सीआरपीएफ) ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष जीशान हैदर, डॉक्टर इरफान, शेर अली, कलीम मास्टर, साहिल सिद्दीकी, रिजवान इनायत पट्टी, यूसुफ, पूर्व प्रधान अवधेश उर्फ बाबा जायसवाल, ग्राम प्रधान उदय राज यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

संबंधित पोस्ट

गंभीर मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सा, अनुसंधान आवश्यकः ब्रजेश पाठक

Qaumi Reporter

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में हालात सुधरे हैं तो केंद्र सरकार साबित करे: उमर अब्दुल्ला

Qaumi Reporter

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, विदेशी गिफ्ट का झांसा और 40 लाख की ठगी! गोंडा में साइबर ठगों ने परिवार को कंगाल किया

Qaumi Reporter

Leave a Comment