अपराधउपलब्धिख़ास ख़बरताज़ा ख़बर

ऑनलाइन गेमिंग में हारा पैसा तो दोस्त को उतार दिया मौत के घाट, प्रिंस की हत्या कर बैंक खाते से मोबाईल ऐप के ज़रिये निकाले रुपये

रायबरेली में 17 वर्षीय किशोर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी ऋतुराज ने सिम बदलकर बैंकिंग ऐप के जरिए हासिल किया खाते का एक्सेस, ओटीपी से निकाली रकम

रायबरेली 07 नवम्बर 2026। ऑनलाइन गेमिंग की लत और पैसों के लालच ने दोस्ती के रिश्ते को खून में बदल दिया। गेमिंग में पैसे हार चुके एक युवक ने अपने ही 17 वर्षीय दोस्त प्रिंस पटेल की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के मोबाइल से सिम निकालकर अपने मोबाइल में लगाया और बैंकिंग ऐप के जरिए उसके खाते तक पहुंच बनाकर रुपये भी निकाल लिए। जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋतुराज के रूप में हुई है। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हार चुका था। इसी के चलते उसने प्रिंस के बैंक खाते से रकम हासिल करने की साजिश रची और अपने ही दोस्त को मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद मोबाइल से सिम निकालकर अपने फोन में डाला

पुलिस के खुलासे के अनुसार, आरोपी ने प्रिंस की हत्या करने के बाद उसके मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकाल लिया और उसे अपने मोबाइल में लगा लिया। इसके बाद उसी नंबर से बैंकिंग ऐप डाउनलोड कर खाते तक पहुंच बनाई। बैंक से संबंधित ओटीपी उसी नंबर पर प्राप्त कर आरोपी ने बैंक खाते का एक्सेस हासिल किया और रकम निकाल ली। इस तरह हत्या के साथ-साथ बैंक खाते से पैसे निकालने की वारदात को भी अंजाम दिया गया।

आर्केस्ट्रा देखने गया था प्रिंस, अगले दिन नाले में मिला शव

दरअसल, बीते सोमवार की रात प्रिंस पटेल पड़ोस के गांव मोती का पुरवा में आयोजित मुंडन संस्कार कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा देखने गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास नाले में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

प्रिंस अपने ननिहाल में रहता था और नाना फूलचंद के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया था।

पोस्टमार्टम में हुई गला दबाकर हत्या की पुष्टि

शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद जगतपुर थाना प्रभारी वागीश मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ जांच आगे बढ़ाई और आरोपी ऋतुराज को गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा

अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने प्रेस वार्ता के दौरान घटना का खुलासा करते हुए बताया कि ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हार चुके आरोपी ने अपने मित्र प्रिंस की हत्या की और उसके बैंक खाते से रुपये निकाल लिए। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

एक तरफ ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने का दबाव और दूसरी तरफ बैंक खाते की रकम पाने का लालच—इन दोनों ने मिलकर एक किशोर की जान ले ली। इस वारदात ने दोस्ती, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल बैंकिंग के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

संबंधित पोस्ट

मां और बाप की अज़्मतों को अशआर में पिरोने वाले रज़ा सिरसिवि नहीं रहे,मंगल के रोज़ सिरसी के आबाई कब्रिस्तान में हुई तदफीन

Qaumi Reporter

जाहिदा फाउंडेशन ने स्थानीय स्तर पर विश्वव्यापी महामारी कोरोना में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले लोगों को किया सम्मानित

Qaumi Reporter

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज़ ली

Qaumi Reporter

Leave a Comment