विभाग प्रचारक अमित राजावत बोले- घुमंतू परिवारों की स्थिति देखकर मन व्यथित होता है, सामाजिक समानता के लिए जागरूकता जरूरी
रायबरेली। दीपावली के पर्व पर हर घर में खुशियां और रोशनी पहुंचे, इसी संकल्प के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग के संगठन सेवा भारती ने जरूरतमंद एवं घुमंतू परिवारों के बीच दीपावली किट का वितरण किया। दूरभाष नगर के बालापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इस सेवा अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों को दीपावली की खुशियां बांटी गईं।
इस अवसर पर संघ के विभाग प्रचारक अमित राजावत ने सेवा भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्यों से समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कपड़े के अस्थायी टेंट बनाकर जीवनयापन करने वाले घुमंतू परिवारों की स्थिति देखकर मन व्यथित होता है। विशेषकर इन परिवारों के छोटे-छोटे बच्चों की परिस्थितियां हृदय को द्रवित कर देती हैं। समाज में समानता केवल बातों से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।
सेवा भारती के विभाग सेवा प्रमुख गया प्रसाद ने बताया कि संगठन की ओर से नगर के सोनिया नगर, बालापुर, इंदिरा नगर और मुंशीगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले घुमंतू एवं जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित कर दीपावली किट वितरित की गईं। संगठन का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी दीपावली का पर्व खुशियों और उत्साह के साथ मना सकें।
इस दौरान सेवा भारती की ओर से बालिकाओं के स्वावलंबन के लिए संचालित कुंज मेकओवर सेंटर में बच्चों के बीच मिठाई वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा की गईं। इस पहल के माध्यम से सेवा, सहयोग और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में साधना शर्मा, अंजली शुक्ला, ममता गुप्ता, सेवा भारती के विभाग अध्यक्ष सुशील गुप्ता, जिला अध्यक्ष नीरज गुप्ता, बस्ती प्रमुख रमेश तिवारी, नगर कार्यवाह शिवानंद, दिलीप श्रीवास्तव सहित अनेक सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
