ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरसेहत

क्लीनिक संचालक से रिश्वत मांगने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग पर बड़ी कार्रवाई, नोडल अधिकारी निलंबित

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर चार अधिकारियों-कर्मचारियों पर गिरी गाज, आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के आदेश

लखनऊ, 3 नवंबर 2026। गौतमबुद्धनगर के बिसरख में गैरपंजीकृत क्लीनिक संचालक से फोन पर रिश्वत मांगने के आरोप ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक एवं अपंजीकृत चिकित्सालय-क्लीनिक के नोडल अधिकारी डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, एक आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बिसरख निवासी डॉ. पवन चौधरी की क्लीनिक का पंजीकरण नहीं है। क्लीनिक संचालक ने आरोप लगाया कि सीएचसी बिसरख के अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र मिश्रा ने उन्हें फोन कर रुपये की मांग की थी। शिकायत सामने आने के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कड़ी नाराजगी जताई और मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

शासन की ओर से की गई कार्रवाई के तहत नोडल अधिकारी डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को निलंबित कर मेरठ मंडल के अपर निदेशक कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारी रविन्द्र कुमार शुक्ला, जो एमसीटीएस ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, की सेवा समाप्त करने के लिए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को निर्देशित किया गया है।

मामले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सत्यार्थ राय और प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ अरविन्द चौधरी पर भी कार्रवाई की तैयारी है। शासन ने दोनों की सेवा समाप्त करने के संबंध में एनएचएम की निदेशक को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की छवि धूमिल करने और आम लोगों को परेशान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

संबंधित पोस्ट

सलोन नगर पंचायत उपचुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

Qaumi Reporter

RSS-MUSLIM : उर्दू से मुस्लिम घरों में पैठ बनाएगा RSS

Qaumi Reporter

रायबरेली में विधान परिषद चुनाव को लेकर DM और SP अलर्ट, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Qaumi Reporter

Leave a Comment