ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरराजनीति

सलोन नगर पंचायत उपचुनाव की मतगणना कल सुबह 8 बजे से, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मतगणना कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना के निर्देश

रायबरेली, 14 अक्टूबर 2026। रायबरेली के नगर पंचायत सलोन में अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना गुरुवार, 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

मतगणना कार्मिकों को प्रक्रिया की बारीकियों से कराया गया अवगत

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी एवं क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, रायबरेली के आचार्य अनूप कुमार ने मतगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतगणना कार्य संपन्न कराने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पूरी निष्पक्षता से निभाएं जिम्मेदारी: जिलाधिकारी

प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने सभी मतगणना कार्मिकों को निर्देश दिया कि वे राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं निष्पक्षता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसमें पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक कार्य निर्धारित नियमों एवं समय-सारिणी के अनुसार पूरा किया जाए।

सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में होगी मतगणना

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर पंचायत सलोन के रिक्त अध्यक्ष पद पर हुए उपचुनाव की मतगणना 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज, सलोन में शुरू होगी। उन्होंने मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश संबंधी नियमों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझने तथा मतगणना के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपेक्षा की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय/पंचायत) विनायक शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं मतगणना कार्मिक उपस्थित रहे।

संबंधित पोस्ट

ऐसा क्या कर दिया रायबरेली पुलिस ने जिसकी हर तरफ हो रही चर्चा

Qaumi Reporter

रायबरेली में 17 और 24 अक्टूबर को लगेगा विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

Qaumi Reporter

सपा सांसद AZAM की स्थित गंभीर, लेकिन नियंत्रण में

Qaumi Reporter

Leave a Comment