ख़ास ख़बरपॉज़िटिव स्टोरी

Raebareli News: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एम्स रायबरेली ने जनजागरूकता के लिए वॉकाथॉन का किया आयोजन, कार्यपालक निदेशक एम्स रायबरेली भी रहीं मौजूद

रायबरेली 30 मई 2026: विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायबरेली के सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने दिनांक 30 मई 2026 को प्रातः 8 बजे डिग्री कॉलेज चौराहा, रायबरेली क्षेत्र में जनजागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया। कार्यक्रम में तंबाकू एवं निकोटीन की लत के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया गया।

वॉकाथॉन का शुभारंभ एम्स रायबरेली की कार्यपालक निदेशक प्रो. डॉ. अमिता जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं एवं आमजन को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से दूर रहने का संदेश दिया तथा तंबाकू त्याग हेतु दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट महोदय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वॉकाथॉन में एम्स रायबरेली के फैकल्टी सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वॉकाथॉन के दौरान छात्रों एवं प्रतिभागियों द्वारा “तंबाकू मुक्त युवा”, “जन-जन का एक ही नारा — तंबाकू मुक्त देश हमारा”, “Say No to Tobacco” आदि जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रो. डॉ. भोला नाथ ने तंबाकू सेवन के बढ़ते बोझ एवं उसके गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जनजागरूकता गतिविधियों में सामान्यतः वही लोग भाग लेते हैं जो तंबाकू का सेवन नहीं करते, जबकि तंबाकू सेवन करने वाले लोगों को भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि वे तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक हो सकें और तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विभाग द्वारा संचालित तंबाकू निषेध एवं तंबाकू परामर्श सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू निषेध क्लिनिक (Tobacco Cessation Clinic Room no.26 Old OP Building ) संचालित किया जा रहा है, जहां तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को परामर्श एवं सहायता प्रदान की जाती है। विभाग द्वारा ग्रामीण एवं सामुदायिक स्तर पर भी नियमित रूप से तंबाकू नियंत्रण एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

डॉ. नीरज पवार ने कार्यक्रम का समन्वय किया तथा तंबाकू सेवन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों एवं युवाओं पर इसके बढ़ते प्रभाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में फैकल्टी सदस्य डॉ. मुकेश शुक्ला, वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. मानस, पीजी छात्रों, डॉ. शशांक, इंटर्न अक्षत पांडेय एवं अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।

यह कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. भोला नाथ के मार्गदर्शन तथा डॉ. नीरज पवार के समन्वय में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं, में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ समाज की दिशा में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

संबंधित पोस्ट

वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में पास: 288 पक्ष में, विपक्ष में पड़े 232 वोट

Qaumi Reporter

अंबेडकर जयंती पर एनटीपीसी ऊंचाहार में विविध कार्यक्रमों की धूम

Qaumi Reporter

जस्टिस संजय यादव होंगे इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश

Qaumi Reporter

Leave a Comment