जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, 23 अक्टूबर के चुनाव में अधिक मतदान कराने पर जोर
रायबरेली।12 अक्टूबर 2026
स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के जिला कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी नीरज सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने और पार्टी के पक्ष में मतदान सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कहा कि स्नातक चुनाव में पंजीकृत मतदाताओं तक कार्यकर्ताओं की प्रभावी पहुंच बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि बनाए गए मतदाताओं में 80 प्रतिशत मतदाता भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों से जुड़े हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखें और मतदान के दिन उन्हें बूथ तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को विपक्ष की ओर से मतदाताओं को भ्रमित किए जाने की आशंका को लेकर भी सतर्क रहने की बात कही। साथ ही चुनाव में बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर सक्रियता के साथ काम करने का आह्वान किया।
प्रत्याशी अवनीश सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा
बैठक में भाजपा के वर्तमान एमएलसी एवं प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अब तक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। आगे भी वह इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, क्षेत्रीय मंत्री विकास सिंह, विधायक अशोक कोरी, पूर्व विधायक, एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विवेक सिंह, इंजीनियर विजय रस्तोगी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदेव पाल और सुशील शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री अंजली मौर्य तथा जिला महामंत्री दिनेश त्रिपाठी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, मतदाताओं से संपर्क मजबूत करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने का संदेश दिया गया।
