सपा प्रदेश सचिव डॉ. शशिकान्त शर्मा की पहल पर लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सौंपी गई आर्थिक सहायता, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की भी उठाई मांग
रायबरेली। दीपावली से ठीक एक दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्रा श्रेया गुप्ता और उनके नाना की मौत के बाद पीड़ित परिवार की मदद के लिए समाजवादी पार्टी आगे आई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह सहायता पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकान्त शर्मा की पहल पर उपलब्ध कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद डॉ. शशिकान्त शर्मा पीड़ित परिवार से मिले और उनकी पीड़ा साझा करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने रखा। इसके बाद लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
डॉ. शर्मा ने कहा- परिवार के साथ खड़ी रहेगी पार्टी
डॉ. शशिकान्त शर्मा ने कहा कि एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह असमय मौत होना बेहद दुखद और अपूरणीय क्षति है। आर्थिक सहायता से परिवार का दर्द कम नहीं किया जा सकता, लेकिन मुश्किल समय में उन्हें संबल देने का यह एक छोटा प्रयास है। उन्होंने सहायता उपलब्ध कराने के लिए अखिलेश यादव का आभार जताया।
हादसे के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
डॉ. शर्मा ने हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। साथ ही भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर परिवार को आगे भी हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस पहल के जरिए समाजवादी पार्टी ने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रा और उनके नाना के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहयोग का संदेश दिया है।
