रायबरेली में बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन समेत प्रमुख स्थलों का निरीक्षण, सुगम आवागमन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
रायबरेली, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन सहित जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने यातायात व्यवस्था, परीक्षार्थियों के आवागमन तथा उनके लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले में आने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात और आवागमन की व्यवस्था सुचारु रखी जाए। परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, एआरटीओ उमेश कटियार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
