22 प्रकाशनों के लगेंगे स्टॉल, साहित्य और लोक संस्कृतियों का दिखेगा अनूठा संगम; 18 नवंबर को युवा कवि सम्मेलन के साथ होगा समापन
रायबरेली। जिले के पुस्तक प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। युग प्रवर्तक साहित्यकार आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की स्मृति में आयोजित सात दिवसीय आचार्य द्विवेदी पुस्तक मेला 12 नवंबर से फ़ीरोज गांधी कॉलेज परिसर में शुरू होगा। पुस्तक मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज परिसर का मैदान सजकर तैयार है और भव्य मंच भी बनाया गया है। 18 नवंबर को युवा कवि सम्मेलन के साथ मेले का समापन होगा।
इस बार पुस्तक मेले में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशनों की पुस्तकें एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। नेशनल बुक ट्रस्ट, राजकमल प्रकाशन सहित कुल 22 प्रकाशनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां साहित्य के साथ-साथ विभिन्न विषयों की पुस्तकें भी पाठकों को मिलेंगी। पुस्तक मेले में किताबों की खरीदारी के साथ साहित्य, कला और लोक संस्कृतियों से जुड़े विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
तीन साल में लगातार बढ़ रहा पुस्तक मेले का दायरा
न्यास के संयोजक गौरव अवस्थी ने बताया कि पुस्तक मेले की शुरुआत का उद्देश्य जिले के पुस्तक प्रेमियों को अपने ही शहर में अच्छी और विविध विषयों की किताबें उपलब्ध कराना है। तीन वर्ष पहले शुरू हुआ यह आयोजन धीरे-धीरे विस्तार ले रहा है और अब इसमें देश के विभिन्न प्रकाशकों की भागीदारी बढ़ रही है।
आचार्य द्विवेदी समिति के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने बताया कि मेले में हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और असम की लोक संस्कृतियों, लोककलाओं एवं लोकगीतों पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ बुजुर्गों और महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इन 22 प्रकाशनों के लगेंगे स्टॉल
पुस्तक मेला संयोजक करुणा शंकर मिश्र ने बताया कि पिछले वर्ष 15 प्रकाशकों ने भाग लिया था, जबकि इस बार 22 प्रकाशनों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इनमें नेशनल बुक ट्रस्ट नई दिल्ली, राजकमल, उत्कर्ष, अनबाउंड स्क्रिप्ट, निखिल प्रकाशन, दिनकर पुस्तकालय, साहित्य अकादमी, फाइनल इंक पब्लिशर, बर्मा बुक कंपनी, सर्व सेवा संघ प्रकाशन, संजना बुक्स नई दिल्ली, सर्वभाषा प्रकाशन नई दिल्ली, ऑथर्स प्वाइंट आगरा, वैदिक अकादमी, लक्ष्मी प्रकाशन, हिंदी साहित्य संस्थान, द बुक जंक्शन और प्रिया एंटरप्राइजेज गाजियाबाद सहित अन्य प्रकाशन शामिल हैं।
खेलकूद प्रतियोगिताओं से होगा मेले का आगाज
गुरुवार 12 नवंबर को सुबह 9 बजे बुजुर्गों और महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ पुस्तक मेले की शुरुआत होगी। शाम को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। खेलकूद प्रतियोगिताओं में मुख्य अतिथि के रूप में ओलंपियन पद्मश्री सुधा सिंह मौजूद रहेंगी। वहीं गोंडा की नन्ही धाविका अंशिका मिश्रा और गूगल गर्ल अनामिका मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
सात दिनों तक चलने वाला यह पुस्तक मेला रायबरेली के साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, बच्चों और संस्कृति के प्रति रुचि रखने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।
