गुप्तार घाट पर अवधी और हिंदी भजनों से रामभक्तों को किया भावविभोर, भाजपा युवा जिला इकाई ने स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
रायबरेली। जनपद की प्रतिभाशाली लोकगायिका स्नेहलता श्रीवास्तव ने अयोध्या धाम में आयोजित दीपोत्सव-2026 में अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरकर रायबरेली का गौरव बढ़ाया। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से 7 नवंबर को अयोध्या के गुप्तार घाट पर आयोजित भव्य दीपोत्सव समारोह में उन्होंने अवधी और हिंदी भाषा में प्रभु श्रीराम के भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके भक्तिमय गीतों ने सरयू तट पर मौजूद रामभक्तों को भावविभोर कर दिया।
‘मंगल भवन अमंगल हारी’ से की भजनों की शुरुआत
लोकगायिका स्नेहलता श्रीवास्तव ने मंच को नमन करते हुए रामायण की पंक्तियों ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ से अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ किया। इसके बाद गणेश वंदना प्रस्तुत कर उन्होंने ‘जली है ज्योत अवध नगर में’, ‘हम नाहि नियरा लाउब अपनी नैया’, ‘मेरी शान रखना’ और अंत में ‘दीपावली मनाऊं सुहानी’ जैसे भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
उनकी मधुर आवाज और भक्तिरस से सराबोर गायन ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया। प्रस्तुति के समापन पर उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अयोध्या भाजपा युवा जिला इकाई के उपाध्यक्ष भरत श्रीवास्तव एवं उनके सहयोगियों ने लोकगायिका को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में दर्शक उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने उनके गायन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया।
दूरदर्शन और आकाशवाणी तक पहुंची है स्नेहलता की आवाज
रायबरेली के प्रगतिपुरम निवासी स्नेहलता श्रीवास्तव संगीत के क्षेत्र में करीब 15 वर्षों से सक्रिय हैं। वह लखनऊ दूरदर्शन केंद्र पर लोकगायन की प्रस्तुति दे चुकी हैं। इसके साथ ही उन्हें आकाशवाणी केंद्र लखनऊ से बी-ग्रेड की मान्यता भी प्राप्त है। हाल ही में लालगंज (रायबरेली) में आयोजित नारी शक्ति के सारस्वत सम्मान समारोह में उन्हें अवधी लोकगायिका के रूप में सम्मानित किया गया था।
भातखंडे और प्रयागराज से हासिल की संगीत की शिक्षा
स्नेहलता श्रीवास्तव ने लखनऊ स्थित प्रतिष्ठित भातखंडे संगीत संस्थान और प्रयागराज से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। अपने संगीत सफर में उन्होंने हिंदी, अवधी और भोजपुरी भाषाओं में गीतों एवं भजनों की प्रस्तुतियां देकर अलग पहचान बनाई है। इसके अलावा वह विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभा चुकी हैं।
रायबरेली के राजघाट में आयोजित छठ महोत्सव के साथ शाहजहांपुर, गोरखपुर, गोंडा सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित संगीत समारोहों में भी वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। अयोध्या के दीपोत्सव में मिली इस सराहना और सम्मान ने उनके संगीत सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।
