रायबरेली, 10 अक्टूबर 2026
जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स, रायबरेली संजय कुमार शर्मा ने बताया कि होमगार्ड्स एनरोलमेन्ट-2025 के अंतर्गत उ०प्र० पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 472 अभ्यर्थियों की सूची जिला होमगार्ड्स कार्यालय, रायबरेली को प्राप्त हो गई है। इसमें 378 पुरुष एवं 94 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं पुलिस द्वारा चरित्र सत्यापन कराया जाना है।
उन्होंने बताया कि पुरुष अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 12 से 17 अक्टूबर 2026 तक तथा महिला अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण 21 एवं 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन, रायबरेली में प्रस्तावित है। प्रत्येक दिवस 65 अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। चिकित्सा परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन उसी दिन कराया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजने की कार्यवाही की जा रही है। अभ्यर्थी जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय, रायबरेली से संपर्क कर अपना बुलावा पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं।
सभी अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन के लिए अपने साथ 12 पासपोर्ट साइज फोटो, 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र, समस्त अभिलेखों की मूल प्रतियां एवं एक सेट स्वप्रमाणित छायाप्रतियां तथा पहचान पत्र (आधार कार्ड/ड्राइविंग लाइसेंस) सहित अन्य आवश्यक अभिलेख लाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया है कि अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में अंकित सीरियल नम्बर के अनुसार निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना अनिवार्य है। स्वास्थ्य परीक्षण की तिथियों का विस्तृत विवरण होमगार्ड्स विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://homeguard.up.gov.in पर उपलब्ध है।
