सलोन, रायबरेली 05 नवम्बर 2026। दीपावली के पावन पर्व पर सेवा भारती ने ‘हर घर रोशन, हर घर में खुशहाली’ का संकल्प लेकर समाज के शोषित, वंचित और उपेक्षित परिवारों के बीच दीपावली किट का वितरण किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को दीपावली के प्रकाश उत्सव से जोड़ना और उनमें सामाजिक जागरूकता का भाव पैदा करना रहा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सलोन नगर संघचालक विजय सिंह ने बताया कि अशिक्षा और आर्थिक अभाव के कारण समाज की मुख्यधारा से स्वयं को अलग महसूस करने वाले परिवारों को सनातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में सेवा भारती की ओर से परिवारों को दीपावली के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए लक्ष्मी-गणेश के चित्र, मिठाई, दीया, तेल सहित अन्य पूजन सामग्री भेंट की गई।
इस अवसर पर सेवा भारती के विभाग महामंत्री शेखर शुक्ला एवं उपाध्यक्ष साधना शर्मा ने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के कम से कम एक जरूरतमंद परिवार को दीपावली पर उपहार देकर उसके घर में खुशियों का उजाला फैलाने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में दान और सहयोग की परंपरा का विशेष महत्व है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की खुशियों में भागीदार बनना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रचारक मनीष, नगर कार्यवाह शुभम, सुशील, देवनाथ, सर्वजीत, नागार्जुन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
