अपराधताज़ा ख़बर

Raebareli News: मां ने ही अपने सगे बेटे की दे दी सुपारी, सुपारी किलर के मोबाइल से खुला राज

रायबरेली में एक मां ने ही अपने सगे बेटे को पचास हज़ार की सुपारी देकर मौत के घाट उतरवा दिया। हत्या कराने में सगी मां के अलावा सगी बहन और जीजा भी शामिल रहा है। पुलिस ने मृतक की मां, बहन और जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सुपारी किलर भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

हत्या के पीछे का कारण पैतृक ज़मीन जो बहन के नाम हुई थी उसे मृतक अपने नाम कराना चाहता था। इसी को लेकर घर में आये दिन होने वाले झगड़े से मुक्ति पाने के लिए सगी मां ने ही बेटी और दामाद के साथ हत्या का प्लान बनाया था। हत्या की पृष्ठभूमि बनाई थी मृतक की मां ने और इसे मूर्त रूप दिया जीजा ने एक सुपारी किलर के माध्यम से।

मामला बीती सत्रह मार्च को गुरबख्शगंज थाना इलाके के रामनगर का है। यहां के रहने वाले 25 वर्षीय सुरेन्द्र यादव का शव कुछ दूर चन्दई रघुनाथपुर के एक बाग में मिला था। पुलिस इस हत्याकाण्ड को सुलझाने की कोशिश में खुद उलझ कर रह गई क्योंकि हत्यारे घर के ही थे। एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा के निर्देशन में गुरबख्शगंज पुलिस और एसओजी ने मिलकर इस पर काम करना शुरू किया।

इसी दौरान एसओजी इंचार्ज विजेंद्र शर्मा को हत्याकांड की साइट पर एक संदिग्ध नम्बर मिला। संदिग्ध नम्बर मृतक के जीजा ब्रजेश के गांव में रहने वाले हरिश्चंद्र का निकला। उस संदिग्ध मोबाइल नम्बर पर सर्विलांस टीम ने काम शुरू किया तो हरिश्चंद्र और ब्रजेश के रिश्ते सामने आये।

पुलिस ने सारे इलेक्ट्रोनिक एविडेंस इकठ्ठा करने के बाद ब्रजेश को उठाया तो पहले वह सारे आरोपों से मुकर गया। बाद में पुलिस ने अपने ढंग से पूछताछ की तो उसने जुर्म क़ुबूल करते हुए बताया कि उसने ही सास और पत्नी के कहने पर रिश्ते के भतीजे हरिश्चन्द्र को पचास हज़ार की सुपारी देकर साले की हत्या कराई थी।

पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि मृतक साला सुरेन्द्र यादव शराब का शौक़ीन था। यही कमज़ोरी उसकी मौत का कारण बन गई। दरअसल हरिश्चंद्र ने सुरेन्द्र को शराब पीने के लिए बुलाया था। हरिश्चंद्र उसे चन्दई रघुनाथपुर के एक बाग़ में ले गया। वहां उसने खुद शराब कम पी और सुरेन्द्र को ज़्यादा पिलाया।

सुरेन्द्र जब शराब के नशे में बेसुध हो गया तो हरिश्चन्द्र ने उसका गला घोंटकर मार डाला। सुरेन्द्र का शव बाग़ में ही छोड़कर हरिश्चंद्र फरार हो गया। पुलिस ने फिलहाल मृतक सुरेन्द्र के जीजा, मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया हैं। हरिश्चंद्र की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही हैं।

संबंधित पोस्ट

Raebareli News: डीएम ने निपुण विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को किया सम्मानित

Qaumi Reporter

आज़ादी के बाद जो लोग मिल-जुलकर यूरोप से आगे जा सकते थे वो मुल्क को धकेल कर अफ्रीका से भी पीछे ले गए

Qaumi Reporter

Raebareli News: नकली सोने की ईंट को असली बताकर करा रही थी सेवा, पड़ गये लेने के देने

Qaumi Reporter

Leave a Comment