विधायक अदिति सिंह ने किया नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण, भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू की पहल पर आईटीआई मैदान में आयोजित हुआ मातृशक्ति सम्मान समारोह
करवा चौथ से पहले महिलाओं को मिला सम्मान, लंबे इंतजार के बाद सड़क बनने से क्षेत्रवासियों में खुशी
रायबरेली। शहर में शिवाजीनगर-आईटीआई से बालापुर स्थित श्री अभयदाता जी महाराज मंदिर तक जाने वाले नवनिर्मित मार्ग का रविवार को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आईटीआई मैदान में आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह में करीब 1500 महिलाओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। भाजपा सदर विधायक अदिति सिंह ने सड़क का लोकार्पण करने के साथ ही महिलाओं को साड़ी वितरित करने के अभियान का शुभारंभ किया। भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
अदिति सिंह का पुष्पवर्षा से स्वागत, 101 किलो की माला पहनाकर किया अभिनंदन
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक अदिति सिंह का महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अनुराग सिंह गोलू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं का काफिला गंगागंज से आईटीआई मैदान पहुंचा। समारोह में मंच पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विधायक का 101 किलो की फूलों की माला पहनाकर अभिनंदन किया।
इसके बाद विधायक अदिति सिंह ने महिलाओं को साड़ी भेंट कर मातृशक्ति सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। करवा चौथ से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। महिलाओं ने आयोजक अनुराग सिंह गोलू की पहल की सराहना की और सड़क निर्माण के लिए विधायक के प्रति आभार जताया।
लंबे इंतजार के बाद बनी सड़क, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
शिवाजीनगर-आईटीआई से बालापुर स्थित श्री अभयदाता जी महाराज मंदिर तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। इसके कारण स्थानीय नागरिकों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद अब इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद की ओर से कराए गए इस निर्माण कार्य को क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति के रूप में देखा जा रहा है। सड़क के लोकार्पण के अवसर पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की और विधायक अदिति सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
मातृशक्ति का सम्मान ही आयोजन का उद्देश्य: अनुराग सिंह गोलू
भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू ने कहा कि करवा चौथ के पवित्र त्योहार से पहले मातृशक्ति के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह के माध्यम से करीब 1500 महिलाओं को साड़ी भेंट करने की व्यवस्था की गई, ताकि उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव व्यक्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिवाजीनगर-आईटीआई से बालापुर तक जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए इसके निर्माण की लंबे समय से आवश्यकता थी। सदर विधायक अदिति सिंह के प्रयासों से सड़क बनकर तैयार हुई है। इसके लिए उन्होंने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
समारोह में सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन रणविजय सिंह ने किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, सदर विधानसभा संयोजक विवेक शुक्ला, सभासद अनिल रावत, रामफेर, सुरेश यादव, नरेंद्र द्विवेदी, सभासद सबिस्ता बृजेश, वीरेंद्र रावत, ज्योत्सना सोनकर, सभासद सविस्ता श्रीवास्तव, नागेंद्र बहादुर सिंह, प्रोफेसर प्रवेश नारायण सिंह, जितेंद्र सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
