श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश, पूजा से पहले साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पूरी करने को कहा
रायबरेली, 12 नवंबर 2026। छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने राजघाट तथा शहीद स्मारक स्थित सई नदी के घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पूजा-अर्चना के लिए की जा रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीएम ने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सुगम आवागमन और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखी जाए, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उप जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
