अपराधख़ास ख़बर

हमीरपुर में 3 साल की दलित मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या का आरोप, खेत में मिला शव; बवाल के बाद पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के दौरान भड़का परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश, पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़; पूछताछ के लिए ले जाए गए आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस पर की फायरिंग

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में तीन साल की दलित मासूम बच्ची की कथित दरिंदगी के बाद हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम का शव खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर बच्ची के साथ दरिंदगी करने के बाद गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। वहीं, बाद में घटनास्थल पर पूछताछ के लिए ले जाए गए आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

खेत में मिला मासूम का शव, पड़ोसी पर लगा आरोप

मामला मुस्करा थाना क्षेत्र का है। करीब तीन वर्षीय मासूम बच्ची का शव खेत में मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले हीरालाल पर बच्ची को बहला-फुसलाकर खेत में ले जाने, उसके साथ दरिंदगी करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

शव उठाने को लेकर भड़का आक्रोश, पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़

पुलिस जब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी तो परिजन और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते देख आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस पर फायरिंग के बाद मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, मामले के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। हिरासत में लिए गए आरोपी हीरालाल को पुलिस पूछताछ और घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी आत्मरक्षार्थ फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तत्काल सीएचसी मुस्करा ले जाया गया, जहां से हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

फिलहाल पुलिस आरोपी के उपचार, बच्ची के शव के पोस्टमार्टम और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

संबंधित पोस्ट

आरेडिका में ‘रेल जन संवाद’: विद्यार्थियों ने आधुनिक रेल तकनीक, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर किए सवाल

Qaumi Reporter

आजादी के बाद पीएम मोदी के रूप में मिला प्रभावशाली नेतृत्वः ब्रजेश पाठक

Qaumi Reporter

कोविड-19:केस तो कम हुए लेकिन मौतें बढ़ गई, 24 घंटों में 4529 लोगों की गई जान

Qaumi Reporter

Leave a Comment