ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरशिक्षा

FDDI फुरसतगंज में ‘समागम 2.0’ का आगाज, कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय ने की परिसर के विकास की सराहना

मंत्री बोले—FDDI के उन्नयन और कौशल विकास के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी, विद्यार्थियों के नवाचारों का किया अवलोकन

रायबरेली। भारत सरकार के फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI), फुरसतगंज परिसर में वार्षिक अंतर-कैंपस सांस्कृतिक उत्सव ‘समागम 2.0 – फ्यूजनवर्स’ (SAMAGAM 2.0 – Fusionverse) का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय ने अपने संबोधन में FDDI फुरसतगंज परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकारी निदेशक सुनील कुमार द्विवेदी के कार्यभार संभालने के बाद परिसर ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। परिसर में अभूतपूर्व प्रगति देखने को मिली है और यह नए एवं आकर्षक स्वरूप में सभी का स्वागत कर रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कार्यकारी निदेशक और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

FDDI के उन्नयन के लिए सरकार देगी सहयोग

मंत्री मनोज पाण्डेय ने संस्थान के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि FDDI के उन्नयन के लिए वह सदैव साथ खड़े हैं। शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में परिसर को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विद्यार्थियों के नवाचारों का किया अवलोकन

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए गए रचनात्मक स्टॉल और नवाचारों का अवलोकन किया। मंत्री ने कार्यक्रम में भाग ले रहे छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान परिसर में पौधरोपण भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोज पाण्डेय और विशिष्ट अतिथि राजन श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्थान के कार्यकारी निदेशक सुनील कुमार द्विवेदी ने अतिथियों का शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार पर जोर

कार्यकारी निदेशक सुनील कुमार द्विवेदी ने कहा कि संस्थान नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों और विकास की दिशा में आगे भी निरंतर प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर FDDI नोएडा परिसर की कार्यकारी निदेशक मंजू मान सहित संस्थान के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सांस्कृतिक उत्सव ‘समागम 2.0’ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, नवाचार और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

संबंधित पोस्ट

मऊ की आसमा नफीस अंसारी की सफलता की कहानी: हिजाब को ताकत बनाकर नकाब और अबाया के कारोबार से शार्क टैंक इंडिया तक पहुंचीं

Qaumi Reporter

दीपावली से पहले रायबरेली में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, कुमार ट्रेडर्स से 1.04 लाख का खाद्य तेल सीज

Qaumi Reporter

सीएम योगी ने बदली प्राईमरी स्कूलों की दशा और दिशा,अंग्रेज़ी में बातचीत और प्रोजेक्टर से कर रहे हैं पढ़ाई

Qaumi Reporter

Leave a Comment