रायबरेली/उन्नाव। जनपद उन्नाव में सोमवार को आयोजित 47वीं मंडल स्तरीय बेसिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 में रायबरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर मंडल में अपना परचम लहरा दिया। रायबरेली की टीम ने सभी प्रतिभागी टीमों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सिंगल एवं डबल दोनों ही स्पर्धाओं में रायबरेली के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में कंपोजिट विद्यालय लोहानीपुर, हरचंदपुर के अंश एवं सुयश ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में इसी विद्यालय की दीपाली, माही, शुभी एवं अंशिका ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया और जनपद का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह एवं नोडल शिक्षा अधिकारी बृजलाल ने विजेता खिलाड़ियों सहित उनके कोच, मैनेजर एवं शिक्षकों को बधाई दी। अधिकारियों ने खिलाड़ियों को आगामी अंतर्मंडलीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक शोऐब हसन खान ने बताया कि बैडमिंटन की अंतर्मंडलीय प्रतियोगिता 19 अगस्त 2026 को जनपद बरेली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंडलीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे अंतर्मंडलीय प्रतियोगिता में भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
प्रतियोगिता के दौरान कोच मोहम्मद रमजान, प्रधानाध्यापक प्रवीण श्रीवास्तव सहित खिलाड़ियों के अभिभावक उपस्थित रहे। रायबरेली के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं जनपद में हर्ष का माहौल है।
