रायबरेली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और स्वागत के लिए भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दिनेश सिंह राठौर की ओर से विशेष चाय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। सई नदी के राजघाट एवं शहीद स्मारक स्थित घाटों पर आयोजित शिविर में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को चाय वितरित कर उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान दिनेश सिंह राठौर ने स्वयं सेवा कार्य में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं के बीच चाय का वितरण किया। घाटों पर पहुंचे व्रतियों और श्रद्धालुओं ने इस सेवा शिविर का लाभ उठाया।
इस अवसर पर दिनेश सिंह राठौर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, लोक संस्कृति और भगवान सूर्य की उपासना का अनुपम पर्व है। यह पर्व हमें श्रद्धा, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। ऐसे पावन अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक संतोष का विषय है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छठी मइया और भगवान सूर्यदेव से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
सेवा ही संकल्प है, सेवा ही संस्कार है। इसी भावना के साथ आयोजित इस चाय सेवा शिविर के माध्यम से श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया।
