ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरसेहत

स्वास्थ्य परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें निर्माण कार्य: ब्रजेश पाठक

वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का काम जल्द पूरा करने के निर्देश

वाराणसी/लखनऊ, 28 अक्टूबर।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने वाराणसी मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार लाने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वाराणसी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का कार्य जल्द से जल्द पूरा कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुधवार को वाराणसी में आयोजित मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, विभागीय योजनाओं की प्रगति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वाराणसी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मंडल के सभी जनपदों में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए। अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों और मरीजों को मिल रहे उपचार की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

परियोजनाओं की नियमित निगरानी के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जवाबदेही, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को कहा।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके लिए जरूरी है कि सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य, वाराणसी मंडल डॉ. दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित पोस्ट

मुसलमानों को विलेन दिखाने वाले अफसाने तोड़ने होंगे,पॉलिगैमी और फैमिली प्लानिंग से गुरेज जैसे मामले महज़ अफसाने हैं-साबिक़ चीफ इलेक्शन कमिश्नर

Qaumi Reporter

सलोन नगर पंचायत उपचुनाव: डीएम और एसपी ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

Qaumi Reporter

Raebareli News: राह चलते कोई आपके बच्चे को दुलार करने लगे तो तुरंत हो जाइये सावधान, वह बच्चा चोर गैंग का सदस्य भी हो सकता है

Qaumi Reporter

Leave a Comment