अन्य

रायबरेली: दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, मिठाई की दुकानों से लिए गए चार नमूने

सलोन और महराजगंज में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, साफ-सफाई में कमी मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई

रायबरेली, 27 अक्टूबर 2026। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण का अभियान चलाया। मंगलवार को सलोन और महराजगंज कस्बों में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर खोया, चमचम और मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई।

यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी रायबरेली के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मानिक चन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाया गया।

सलोन में तीन मिठाई की दुकानों का निरीक्षण

सलोन में उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में नायब तहसीलदार रिचा सिंह तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार यादव और अभय प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने बाजार स्थित मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन खाद्य नमूने संग्रहित किए गए और तीन प्रतिष्ठानों में कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

नारायण स्वीट्स: प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान खोया का नमूना संग्रहित किया गया। मौके पर गंदगी पाए जाने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

मधुर स्वीट हाउस: यहां से चमचम मिठाई का नमूना लिया गया। मिठाई निर्माण के कारखाने में साफ-सफाई की कमी मिलने पर सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।

हवेली स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट: प्रतिष्ठान की रसोई में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। इस पर सुधार नोटिस जारी करने के साथ ही मिठाई निर्माण के कारखाने से खोया का नमूना संग्रहित किया गया।

महराजगंज में मिल्क केक का नमूना लिया

उधर, महराजगंज कस्बे में उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शेफाली रस्तोगी और सुमांशु सचान की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया।

टीम ने चंदापुर चौराहा स्थित नरेश स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां बिक्री के लिए भंडारित मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों को दूर कराने के लिए सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई।

त्योहार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर

दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। नमूनों को जांच के लिए भेजे जाने के बाद उनकी गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। विभागीय अभियान का उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

संबंधित पोस्ट

पयामे इंसानियत फोरम ने पेश की इंसानियत की मिसाल, जुर्माना भरकर दो कैदियों को कराया रिहा

Qaumi Reporter

सीएम योगी ने किया काशी विश्वनाथ की पूजा

Qaumi Reporter

सीएम योगी की एक और पहल, कुशीनगर में शुरू हुआ ‘बनाना फेस्टिवल

Qaumi Reporter

Leave a Comment