ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरपॉज़िटिव स्टोरीसाहित्य

रायबरेली में सात दिवसीय पुस्तक मेले का आगाज, बुजुर्गों ने रस्साकशी और म्यूजिकल चेयर में दिखाया दम

‘लोक रंग-पुस्तकों संग’ थीम पर 18 नवंबर तक चलेगा मेला, गूगल गर्ल अंशिका और 7 वर्षीय अनामिका रहीं आकर्षण का केंद्र

रायबरेली। साहित्य, लोककला और संस्कृति के संगम सात दिवसीय आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति पुस्तक मेले का गुरुवार को फिरोज गांधी कॉलेज परिसर में शुभारंभ हुआ। 12 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले की थीम ‘लोक रंग-पुस्तकों संग’ रखी गई है। मेले के पहले दिन बुजुर्गों और महिलाओं के लिए आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं ने खास आकर्षण बटोरा। रस्साकशी, रूमाल झपट्टा और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा से सभी को चौंका दिया।

कार्यक्रम में पद्मश्री एथलीट सुधा सिंह, राही ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र यादव और सीमेंस के डायरेक्टर डॉ. मनीष चौहान सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। शाम छह बजे आयोजित होने वाली फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता को लेकर भी प्रतिभागियों में उत्साह रहा।

मेले में गोंडा की चर्चित बाल प्रतिभाएं अंशिका मिश्रा और उनकी छोटी बहन अनामिका मिश्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। असाधारण स्मरण शक्ति के चलते अंशिका को ‘गूगल गर्ल’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने महज 6.26 सेकंड में देश के सभी जिलों के नाम सुनाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। वहीं सात वर्षीय अनामिका ने गांधी जयंती पर हाथ में तिरंगा लेकर 30 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। दोनों बहनों की उपलब्धियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

अतिथियों का स्वागत राजीव भार्गव ने अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया। कार्यक्रम का संचालन भी उन्होंने किया।

सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

पुस्तक मेले के अंतर्गत साहित्य, लोककला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े विविध आयोजन किए जाएंगे। 13 नवंबर को सुबह 9:30 बजे स्कूली बच्चों की वाद-विवाद, चित्रकला और स्वरचित कविता प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

समारोह में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी युग प्रेरक सम्मान से श्रीमती नीर यादव, डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी लोक सेवा सम्मान से श्रीमती रेखा यादव, प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता सम्मान से वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल तथा शिवानंद मिश्र ‘लाले’ स्मृति सम्मान से नंदिनी गुप्ता को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन के क्रम में 14 नवंबर को लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। 15 नवंबर को प्रगतिशील लेखक संघ का जिला सम्मेलन और बच्चों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 16 नवंबर को युवाओं के लिए कार्यशाला एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम होगा, जबकि 17 नवंबर को स्वास्थ्य मेला और लोक कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

पुस्तक मेले का समापन 18 नवंबर को शाम पांच बजे युवा कवि सम्मेलन और रात नौ बजे समापन समारोह के साथ होगा। सात दिनों तक चलने वाला यह आयोजन साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं और कला-संस्कृति से जुड़े लोगों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

संबंधित पोस्ट

तौक़ीर आर्टकेड में सजी शेर-ओ-सुख़न की महफ़िल, सबा नक़वी सबा की पुस्तक ‘इनसाइड द लेटर्स’ का हुआ विमोचन

Qaumi Reporter

रायबरेली में 17 और 24 अक्टूबर को लगेगा विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, बूथों पर मिलेंगे बीएलओ

Qaumi Reporter

पंचायत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, संशोधन और आपत्ति के लिए भी शुरू हुई प्रक्रिया

Qaumi Reporter

Leave a Comment