ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरपॉज़िटिव स्टोरीसेहत

स्वस्थ बच्चे ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला, यूपी मेडिकल क्षेत्र में स्थापित कर रहा नए आयाम: ब्रजेश पाठक

न्यूरोपेडिकॉन-2026 के 25वें वार्षिक सम्मेलन में बोले उपमुख्यमंत्री, बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के नवीनतम शोध और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर हुआ मंथन

डॉ. रश्मि कुमार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से किया गया सम्मानित, दस से अधिक शोध पत्रिकाओं और स्मारिका का विमोचन

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं। बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों का समय पर निदान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और आने वाले समय में प्रदेश मेडिकल सेक्टर में देश में नंबर वन स्थान हासिल करेगा।

उपमुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ में आयोजित ‘न्यूरोपेडिकॉन-2026’ के 25वें तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी (उत्तर प्रदेश चैप्टर) की ओर से लखनऊ एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स और किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के पीडियाट्रिक्स विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के नवीनतम अनुसंधानों, आधुनिक उपचार पद्धतियों और चिकित्सा नवाचारों पर विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।

मेडिकल सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश

ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है और मेडिकल सेक्टर में एक बड़ा नेटवर्क विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश जल्द ही चिकित्सा के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।

उपमुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाली योजना बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं से आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है।

आधुनिक तकनीक और शोध से बेहतर होगा बच्चों का उपचार

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर शोध, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों का समय पर पता लगाना और उनका गुणवत्तापूर्ण उपचार करना बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य देने के लिए चिकित्सकों का अनुभव, समर्पण और अनुसंधानपरक दृष्टिकोण अहम भूमिका निभाता है। ऐसे वैज्ञानिक सम्मेलन चिकित्सा विशेषज्ञों को नवीनतम शोध और उपचार तकनीकों से परिचित कराने के साथ ही चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक होते हैं।

डॉ. रश्मि कुमार को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

न्यूरोपेडिकॉन-2026 के दौरान वरिष्ठ पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रश्मि कुमार को चिकित्सा, शोध और बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

डॉ. रश्मि कुमार ने उत्तर प्रदेश में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी की नींव रखने और केजीएमयू में पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी यूनिट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नाम करीब 130 शोध पत्र दर्ज हैं। वह 170 से अधिक आमंत्रित व्याख्यान दे चुकी हैं और प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर के रूप में 13 प्रमुख शोध परियोजनाओं का नेतृत्व कर चुकी हैं।

वर्ष 2022 से लगातार स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में उनका शामिल होना उनकी शोध एवं अकादमिक उपलब्धियों को दर्शाता है। उनका सम्मान बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान और समर्पण की महत्वपूर्ण पहचान है।

दस से अधिक शोध पत्रिकाओं और स्मारिका का विमोचन

सम्मेलन के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी से संबंधित दस से अधिक शोध पत्रिकाओं और स्मारिका का विमोचन किया। इन प्रकाशनों में बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के नवीनतम अनुसंधानों, चिकित्सा नवाचारों और विशेषज्ञों के अनुभवों को साझा किया गया है।

इनके माध्यम से चिकित्सा विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और भावी चिकित्सकों को नई वैज्ञानिक जानकारियों से जोड़ने तथा बच्चों के बेहतर उपचार के लिए किए जा रहे प्रयासों को गति देने में मदद मिलेगी।

चिकित्सा जगत के अनेक विशेषज्ञ रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य आयोजक डॉ. चंद्रकांता, डॉ. श्वेजित बंसल, डॉ. अशोक राय, डॉ. सपना गुप्ता, डॉ. अचल गुप्ता, डॉ. जितेंद्र साहू, डॉ. विनीत बंगडे, डॉ. अनूप वर्मा और डॉ. टीआर यादव सहित चिकित्सा जगत के अनेक विशेषज्ञ एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

न्यूरोपेडिकॉन-2026 के माध्यम से बाल चिकित्सा तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में नवीन शोध, बेहतर उपचार और विशेषज्ञों के आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

संबंधित पोस्ट

इलाहाबाद हाईकोर्ट से खबर: गर्मी की छुट्टियों के बाद मंडे से नई गाइडलाइंस के मुताबिक खुलेंगी ज़िला अदालतें

Qaumi Reporter

प्रदेश में 11 से 14 अप्रैल चार दिवसीय कोविड टीकाकरण उत्सव मनाया जाएगा-योगी

Qaumi Reporter

मॉडर्न महिला ग्रुप ने धूमधाम से मनाया तीजोत्सव,आरती रस्तोगी ने पहना तीज क्वीन का ताज

Qaumi Reporter

Leave a Comment