ख़ास ख़बरताज़ा ख़बरपॉज़िटिव स्टोरीसंस्कृति

NTPC ऊंचाहार में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम, पहली बार DAV ग्राउंड में सजा भव्य पंडाल

पांच दिवसीय महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भक्ति संगीत, कथक नृत्य और रामलीला ने बांधा समां

रायबरेली/ऊंचाहार। एनटीपीसी ऊंचाहार में दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 आस्था, कला और सांस्कृतिक विरासत के अनूठे संगम के रूप में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 16 से 20 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भागीदारी देखने को मिल रही है। इस वर्ष पहली बार डीएवी ग्राउंड में दुर्गा पूजा और मेले का भव्य आयोजन किया गया है। पारंपरिक बंगाली शैली में सजे पूजा पंडाल, रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया है।

51 फीट ऊंचा भव्य पंडाल बना आकर्षण

एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से गठित पर्व आयोजन समिति 2026-27 ने कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्वा मोहन सिंह के मार्गदर्शन में महोत्सव को भव्य स्वरूप दिया है। मानव संसाधन विभाग, कर्मचारी यूनियन, कार्यकारी एसोसिएशन और विभिन्न विभागों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

डीएवी ग्राउंड में बनाया गया 51 फीट ऊंचा भव्य पंडाल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। मेले में खानपान और विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं। आयोजकों की ओर से सुरक्षित मनोरंजन की व्यवस्थाएं भी की गई हैं। एनटीपीसी परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग महोत्सव में शामिल हो रहे हैं।

भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

महोत्सव का शुभारंभ 16 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर चिन्मय विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शुरुआत को यादगार बनाया।

17 अक्टूबर को लखनऊ के प्रसिद्ध रागा ग्रुप ने भक्ति, सूफी और बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, 18 अक्टूबर को शिव-शक्ति पर आधारित आकर्षक कथक नृत्य और स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कर्मचारियों और उनके परिवारों की रामलीला रही खास

19 अक्टूबर को आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव का विशेष आकर्षण रही। पहली बार एनटीपीसी के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने संयुक्त रूप से रामलीला का मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों की खूब सराहना मिली। इस आयोजन ने कर्मचारियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ आपसी सहभागिता और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश भी दिया।

सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों का प्रतीक है महोत्सव

एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्वा मोहन सिंह ने कहा कि एनटीपीसी सदैव सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। दुर्गा पूजा महोत्सव आस्था, संस्कृति और सामुदायिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ आपसी सौहार्द और सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।

एनटीपीसी ऊंचाहार का दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ कला, संगीत, नृत्य और सामुदायिक एकजुटता का उत्सव बनकर उभरा है। पांच दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी परिवार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक साझा सांस्कृतिक मंच मिल रहा है।

संबंधित पोस्ट

वक्फ संशोधन विधेयक लोकसभा में पास: 288 पक्ष में, विपक्ष में पड़े 232 वोट

Qaumi Reporter

पुलिस पदोन्नति में तीन माह में निर्णय लेकर आदेश दे सरकार :इलाहाबाद हाईकोर्ट

Qaumi Reporter

राहुल नहीं भूले अमेठी, भेजा गरीबों के लिए कम्बल

Qaumi Reporter

Leave a Comment