प्रयागराज। करेली स्थित ए.एम. ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेलकूद समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता नजमुल इस्लाम जाफरी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने बच्चों को खेलों के प्रति रुचि बनाए रखने और भविष्य में भी मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने मेडल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मुश्ताक काज़मी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि बच्चों में सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं।
विद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज मोहम्मद ज़मीर एवं स्पोर्ट्स कोच चेतना शर्मा ने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करते हुए बताया कि इस वर्ष रेड हाउस ने शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, ब्लू हाउस ने दूसरा स्थान प्राप्त कर उपविजेता का खिताब हासिल किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय सहभागिता रही। समारोह का उद्देश्य बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
