हमीरपुर। 11 अक्टूबर, 2026
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कुरारा थाना क्षेत्र के मनकी तिराहे के पास टायर फटने से अनियंत्रित हुई ओमनी कार ने सड़क किनारे टहल रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक समेत चार लोग घायल हुए थे। उपचार के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह मनकी तिराहे से कुरारा की ओर आ रही ओमनी कार का अचानक टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे मौजूद लोगों से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान दो की मौत
सूचना मिलने पर कुरारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कुरारा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में कुरारा के वार्ड नंबर 10 निवासी इमाम (40), पुत्र मुंशी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल ममता (42), पत्नी हरिशंकर और रुकमनी (46), पत्नी रमेश को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान रुकमनी की भी मौत हो गई।
हादसे में घायल कार चालक विक्की (19), पुत्र राजेश, निवासी कुरारा और ममता का इलाज जारी है।
पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टायर फटने के कारण हुए इस हादसे ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
