अमेरिकी शेयर बाजार और चीन के साथ बढ़ते व्यापार युद्ध के बीच हाल ही में एक गहरी गिरावट आई है। 4 अप्रैल, 2025 को चीन ने घोषणा की कि वह 10 अप्रैल से सभी अमेरिकी उत्पादों पर 34% अतिरिक्त टैरिफ लगाएगा। यह चीन की प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 2 अप्रैल को लगाए गए टैरिफ के जवाब में आई है। यह कदम अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट का कारण बना, जिससे निवेशकों के बीच वैश्विक व्यापार युद्ध के और बढ़ने की चिंता पैदा हो गई है।
चीन की इस घोषणा अमेरिकी बेंचमार्क सूचकांकों में बड़ी गिरावट का कारण बना। शुक्रवार, 4 अप्रैल को डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (DJIA), नैस्डैक कंपोजिट और एसएंडपी 500 इंडेक्स ने अपने निम्नतम स्तरों को छुआ। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर 38,873 अंक पर था, जबकि एसएंडपी 500 इंडेक्स 4.75 प्रतिशत गिरकर 5,139.96 डॉलर पर कारोबार कर रहा था। नैस्डैक कंपोजिट 4.96 प्रतिशत गिरकर 15,729.92 पर था।
इस दौरान, चिपमेकिंग की दिग्गज कंपनी Nvidia के शेयरों में 7.2 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे उनका मूल्य 94.46 डॉलर तक गिर गया। इसका मुख्य कारण यह था कि निवेशकों को चीन में Nvidia के विनिर्माण संचालन से संबंधित चिंताएं थीं। इसके अलावा, ऐप्पल के शेयर भी 3.8 प्रतिशत गिरकर 193.67 डॉलर पर आ गए। एसएंडपी 500 इंडेक्स में शामिल कई अन्य कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट देखी गई, जिनमें एपीए कॉर्प, ईक्यूटी कॉर्प, जीई हेल्थकेयर, और फ्रीपोर्ट-मैकमोरन जैसी कंपनियां शामिल थीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के कदम को गलत ठहराया और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “चीन ने गलत किया। वे घबराए हुए थे। इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते!” ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि चीन का यह कदम अमेरिका के खिलाफ व्यापार युद्ध में और बढ़ोतरी का संकेत है।
इसके साथ ही, चीन ने यह भी संकेत दिया कि वह अमेरिका को दुर्लभ पृथ्वी खनिजों के निर्यात पर और अधिक नियंत्रण लगाने की योजना बना रहा है। यह खनिज समेरियम, गाडोलिनियम, टर्बियम, डाइस्ट्रोपियम, ल्यूटेटियम, स्कैंडियम और येट्रियम जैसे पदार्थों के निर्यात पर लागू होगा, जो अमेरिकी उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
ट्रंप ने इस बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व (Fed) के चेयरमैन जेरोम पॉवेल से प्रमुख बेंचमार्क ब्याज दरों में कटौती करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में महंगाई दर कम है और रोजगार दर उच्च स्तर पर है, जो इसे ब्याज दरों में कटौती का “परफेक्ट टाइम” बनाता है। ट्रंप ने कहा, “यह फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल के लिए ब्याज दरें घटाने का एक आदर्श समय है। वह हमेशा ‘लेट’ होते हैं, लेकिन अब वह अपनी छवि बदल सकते हैं और जल्दी से कर सकते हैं। ऊर्जा की कीमतें नीचे हैं, ब्याज दरें नीचे हैं, महंगाई नीचे है, यहां तक कि अंडे की कीमतें 69% गिर गई हैं और नौकरियां बढ़ी हैं। यह अमेरिका के लिए एक बड़ी जीत है। ब्याज दरें घटाओ और राजनीति खेलना बंद करो!”
अप्रैल 2025 में अमेरिका के रोजगार आंकड़ों के अनुसार, मार्च में 2,28,000 नौकरियों का इज़ाफा हुआ था, लेकिन बेरोजगारी दर बढ़कर 4.2 प्रतिशत हो गई। ट्रंप ने इस आंकड़े पर भी टिप्पणी करते हुए इसे सकारात्मक बताया और कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने वियतनाम के कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव तो लाम के बयान का हवाला देते हुए कहा कि वियतनाम अमेरिकी उत्पादों पर शून्य टैरिफ लगाने के लिए तैयार है, अगर वे अमेरिका के साथ एक समझौता कर सकें। ट्रंप ने कहा, “मैंने हमारे देश की ओर से उनका धन्यवाद किया और कहा कि मैं भविष्य में बैठक के लिए तैयार हूं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को एक और सोशल मीडिया पोस्ट में निवेशकों से कहा कि यह अमेरिका में निवेश करने का सर्वोत्तम समय है। ट्रंप ने लिखा, “वे सभी निवेशक जो संयुक्त राज्य अमेरिका में आकर भारी मात्रा में निवेश कर रहे हैं, मेरे नीतियां कभी नहीं बदलेंगी। यह समय है पहले से कहीं ज्यादा अमीर बनने का है!”
गौर करें तो ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ और चीन की जवाबी कार्रवाई ने निवेशकों के बीच डर पैदा कर दिया है और शेयर बाजार में भारी गिरावट का कारण बना है। इसके बावजूद, ट्रंप के आर्थिक दृष्टिकोण में अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए भविष्य को सकारात्मक दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि वैश्विक व्यापार युद्ध के बढ़ने के संकेत भी नजर आ रहे हैं।
