जूनियर छात्रों को रात में वीडियो कॉल कर किया जाता था परेशान, डांस करने और प्रणाम महोदय-मैडम कहलवाने का आरोप; प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर 38 एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस दौरान सभी छात्रों को क्लास और हॉस्टल से भी बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।
रात 12 से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को किया जाता था परेशान
जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से 2 बजे तक जूनियर छात्रों को वीडियो कॉल करके जगाते थे। उन्हें गाने और म्यूजिक पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर जूनियर छात्रों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था। इतना ही नहीं, जूनियर छात्रों को सीनियर के सामने कतार में खड़ा कराकर ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहलवाया जाता था।
16 नवंबर को वायरल हुआ था वीडियो
इस मामले ने 16 नवंबर को उस समय तूल पकड़ा, जब KGMU का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में जूनियर छात्र सीनियर छात्रों के सामने कतार में खड़े होकर प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहते नजर आए थे। रैगिंग की शिकायतों और वीडियो सामने आने के बावजूद शुरुआती दौर में विश्वविद्यालय प्रशासन इसे रैगिंग मानने से इनकार करता रहा।
जांच के बाद 38 छात्रों पर गिरी गाज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की। 19 नवंबर को हुई बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई पर सहमति बनी। कुलपति की मंजूरी के बाद 26 नवंबर को निलंबन और अन्य दंडात्मक कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।
कार्रवाई की जद में आए 38 छात्रों में 36 एमबीबीएस 2025 बैच और दो एमबीबीएस 2026 बैच के छात्र शामिल हैं। जांच में दो जूनियर छात्र भी सीनियर छात्रों की रैगिंग में मदद करते पाए गए, जिन्हें कमेटी ने दोषी माना है।
रैगिंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने, धमकाने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।
इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय परिसर में रैगिंग को लेकर सख्त संदेश देने की कोशिश की गई है।
