ख़ास ख़बर

बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में मौत बनकर घुसी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत; 4 गंभीर घायल

बलरामपुर में माता के दर्शन और धार्मिक आयोजन के बीच मची चीख-पुकार, टेंट तोड़कर लोगों पर चढ़ी कार; चालक हिरासत में

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों और धार्मिक माहौल को मातम में बदल दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में दुर्गा पंडाल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदते हुए घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टेंट तोड़कर लोगों पर चढ़ी कार

जानकारी के मुताबिक, गांव में सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर स्थित है। मंदिर के बगल में सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहुंची और टेंट का एक हिस्सा तोड़ते हुए लोगों को कुचल दिया।

कार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। हादसे में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान तीन लोगों ने तोड़ा दम

हादसे में घायल मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम घायल हुए हैं। उनका इलाज जारी है। बताया गया कि हादसे में कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे।

‘फोन आने से मंदिर चला गया, वरना मैं भी हादसे का शिकार हो जाता’

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे तक पंडाल में मौजूद थे। इसी दौरान फोन आने पर वह मंदिर की ओर चले गए। उनके मुताबिक, इसके कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार कार ने पंडाल में मौजूद लोगों को रौंद दिया।

जितेंद्र उपाध्याय का कहना है कि यदि वह उस समय पंडाल में ही मौजूद रहते, तो संभव है कि वह भी कार की चपेट में आ जाते। प्रत्यक्षदर्शी ने कार चालक के नशे में होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, चालक के शराब के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने कार और चालक को पकड़ा

हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस टीम के साथ नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और कार को पकड़ने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया।

नगर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

संबंधित पोस्ट

एसजेएस में अमृत महोत्सव, सबका साथ सबका विश्वास से देश होगा आगे : रमेश बहादुर सिंह

Qaumi Reporter

अंबेडकर जयंती पर एनटीपीसी ऊंचाहार में विविध कार्यक्रमों की धूम

Qaumi Reporter

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, विदेशी गिफ्ट का झांसा और 40 लाख की ठगी! गोंडा में साइबर ठगों ने परिवार को कंगाल किया

Qaumi Reporter

Leave a Comment